भारतीय नौसेना के कैपस्टोन थिएटर लेवल ऑपरेशनल एक्सरसाइज (ट्रोपेक्स) का 2025 संस्करण अभ्यास वर्तमान में हिंद महासागर क्षेत्र में चल रहा है। यह परिचालन स्तर का अभ्यास भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना और तटरक्षक युद्धपोतों की पर्याप्त भागीदारी के साथ-साथ सभी युद्धक भारतीय नौसेना इकाइयों की भागीदारी के साथ द्विवार्षिक रूप से आयोजित किया जाता है। ट्रोपेक्स 25 का उद्देश्य भारतीय नौसेना के मुख्य युद्ध कौशल को मान्य करना तथा पारंपरिक, असममित और साथ ही मिश्रित खतरों के खिलाफ एक प्रतिस्पर्धी समुद्री वातावरण में राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा हितों को संरक्षित एवं सुरक्षित करने के लिए एक समन्वित व एकीकृत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।
ट्रोपेक्स 25 जनवरी – 25 मार्च तक तीन महीने की अवधि में आयोजित किया जा रहा है। यह अभ्यास बंदरगाह और समुद्र दोनों में विभिन्न चरणों में युद्ध संचालन, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध संचालन, संयुक्त कार्य चरण तथा संयुक्त अभ्यास (एम्फेक्स) के दौरान लाइव हथियार फायरिंग के विभिन्न पहलुओं को एकीकृत करते हुए आयोजित होता है।
अभ्यास के दौरान, लगभग 65 भारतीय नौसेना जहाजों, 09 पनडुब्बियों और विभिन्न प्रकार के 80 से अधिक विमानों वाले संयुक्त बेड़े को आगे तैनात सैनिकों एवं अन्य रक्षा सेवाओं के साथ सहभागिता सहित नौसेना के संचालन की अवधारणा को मान्य तथा परिष्कृत करने के लिए जटिल समुद्री कार्रवाई परिदृश्यों के माध्यम से रखा गया है।
ट्रोपेक्स 25 में स्वदेशी विमानवाहक पोत विक्रांत, अत्याधुनिक विशाखापत्तनम और कोलकाता श्रेणी के विध्वंसक, कलवरी श्रेणी की पनडुब्बियां तथा मिग 29के, पी8आई, हेल सी गार्जियन व एमएच-60आर हेलीकॉप्टरों वाले विमान बेड़े जैसे युद्धक मंचों की भागीदारी हो रही है।
सेनाओं के बीच तालमेल और संयुक्तता बढ़ाने की दिशा में, सुखोई-30, जगुआर, सी-130, फ्लाइट रिफ्यूलर, एडब्ल्यूएसीएस विमान, 600 से अधिक सैनिकों के साथ एक इन्फैंट्री ब्रिगेड तथा 10 से अधिक तटरक्षक जहाजों एवं विमानों की भागीदारी के साथ ही आईए, आईएएफ व भारतीय तटरक्षक बल को भी अभ्यास में एकीकृत किया गया है।
पिछले कुछ वर्षों में दायरे और जटिलता में वृद्धि के बाद, ट्रोपेक्स 25 किसी भी समय, कहीं भी, किसी भी तरह से भारत के राष्ट्रीय समुद्री हितों की सुरक्षा की दिशा में एक गतिशील वातावरण में समन्वित योजना, सटीक लक्ष्यीकरण, युद्ध प्रभावशीलता व विश्वसनीय संयुक्त संचालन में एक कदम आगे है।