भाजपा शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के लिए अपना संकल्प पत्र जारी करने वाली है। इसके अनावरण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता के सामने छह अहम गारंटियों की घोषणा की है।
पिछले कई विधानसभा चुनावों में भाजपा मोदी की गारंटी को मुख्य मुद्दा बना कर चलती रही है। पार्टी का विश्वास है कि जब जनता इन वादों पर भरोसा करती है, तो इसका सीधा फायदा चुनाव में मिलता है。
पीएम मोदी ने इन गारंटियों के साथ दोहराया संकल्प
इन गारंटियों के माध्यम से प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में कानून‑व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा, प्रशासन में पारदर्शिता लाई जाएगी, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मोदी ने बताया कि भाजपा की सरकार आने पर डर और असुरक्षा के माहौल को समाप्त कर कानून के शासन में लोगों का विश्वास बहाल किया जाएगा। साथ ही प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह से जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हर घोटाला, भ्रष्टाचार का मामला, महिलाओं के खिलाफ अपराध और बलात्कार की घटनाओं की फाइलों को दोबारा खोल कर जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीएम मोदी ने टीएमसी के शासन में हुए भ्रष्टाचार को लेकर साधा निशाना
तृणमूल कांग्रेस के शासन पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कोई भी व्यक्ति— चाहे वह मंत्री हो या कोई अन्य— को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
इसके अलावा, शरणार्थियों को संविधान द्वारा प्रदत्त सभी अधिकार और सुविधाएं देने का वादा किया गया है, जबकि अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार बनने के पश्चात पश्चिम बंगाल में सातवें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा, जिससे राज्य के सरकारी कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। ये गारंटियां भाजपा की पश्चिम बंगाल में सुशासन, सुरक्षा और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।