अगर आप हर साल नए स्मार्टफोन लॉन्च के बाद इंतज़ार करते हैं कि कुछ महीनों में कीमत गिर जाएगी, तो अब यह रणनीति शायद कारगर नहीं रहे। भारत में स्मार्टफोन बाजार तेज़ी से बदल रहा है और 2026 में हालात ऐसे बन गए हैं कि कई मॉडल लॉन्च के महीनों बाद भी महंगे बने हुए हैं, कुछ तो कीमत में और इज़ाफ़ा हो गया है।
क्यों बढ़ रहे हैं स्मार्टफोन के दाम?
इसकी मुख्य वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की बढ़ती मांग है। जिस मेमोरी चिप और अन्य कंपोनेंट्स का उपयोग स्मार्टफोनों में होता है, वही अब AI सर्वर और डेटा सेंटर्स में भी बड़े पैमाने पर खपत हो रही है। AI कंपनियों द्वारा इन चिप्स की बड़ी मात्रा में खरीदारी से स्मार्टफोन निर्माताओं के लिए घटक महंगे हो गए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ मेमोरी कंपोनेंट्स की कीमत कई गुना तक बढ़ चुकी है। इसका सीधा असर फोन की निर्माण लागत पर पड़ रहा है, जिसके चलते कंपनियों के पास या तो कीमत बढ़ाने या फीचर्स कम करने के सिवा कोई विकल्प नहीं बचा है।
लॉन्च के बाद जल्दी सस्ते नहीं हो रहे फोन
पहले तक ₹30,000 का फोन कुछ महीनों बाद सेल और ऑफर्स में ₹24,000‑25,000 तक मिल जाता था। लेकिन अब इस ट्रेंड में टूट दिख रहा है। इंडस्ट्री एनालिस्ट्स का कहना है कि ब्रांड्स अब कीमतों को लंबे समय तक ऊंचा रखे हुए हैं।
कई स्मार्टफोन की कीमतें लॉन्च के बाद घटने की बजाय बढ़ी हैं, खासकर बजट और मिड‑रेंज सेगमेंट में। विशेषज्ञों के मुताबिक 2026 की शुरुआत से कई मॉडलों के दाम 30% से 40% तक बढ़ चुके हैं।
बजट स्मार्टफोन में हो रही कटौती
कीमत पर नियंत्रण रखने के लिए कई कंपनियां पुराने फोन्स को नए नाम से फिर से लॉन्च कर रही हैं। कुछ ब्रांड्स कैमरा क्वालिटी, स्टोरेज और अन्य फीचर्स में कमी कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ नए बजट फोन्स में 5G को हटाकर सिर्फ 4G दिया जा रहा है ताकि लागत कम रखी जा सके। परिणामस्वरूप, पहले जैसा दमदार फीचर सेट अब कम कीमत में मिलना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रीमियम ब्रांड्स पर अपेक्षाकृत कम असर
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रीमियम स्मार्टफोन ब्रांड्स इस संकट से बेहतर तरीके से निपट रहे हैं। उदाहरण के तौर पर एपल और सैमसंग जैसी कंपनियों के पास लंबी अवधि की सप्लाई एग्रीमेंट और मजबूत आर्थिक बैकअप है। इसके विपरीत बजट सेगमेंट पर निर्भर ब्रांड्स जैसे शाओमी, रियलमी, ओप्पो और वीवो पर दबाव अधिक है।
सेल का इंतज़ार अब बेकार?
विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में बड़े डिस्काउंट्स कम देखने को मिल सकते हैं। कंपनियां एक्सचेंज ऑफर, कैशबैक और ईएमआई जैसे विकल्प तो देती रहेंगी, लेकिन पहले जैसा भारी प्राइस ड्रॉप अब आम नहीं रहेगा।
यदि आपको वाकई नया फोन चाहिए तो सिर्फ ‘सस्ता होने’ का इंतज़ार करना नुकसानदायक साबित हो सकता है, क्योंकि जिस फोन को आप बाद में खरीदने की योजना बना रहे हैं वह आगे चलकर और भी महंगा हो सकता है।
फोन खरीदने की आदत में बदलाव
भारत में स्मार्टफोन बाजार अब ऐसे चरण में पहुंच चुका है जहां लोग ज़रूरत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं, केवल सेल और डिस्काउंट्स पर निर्भर रहकर नहीं। बढ़ती AI मांग, मेमोरी संकट और महंगे कंपोनेंट्स ने पूरे बाजार की तस्वीर बदल दी है।
यह भी पढ़ें:
mAadhaar ऐप होने जा रहा बंद! जानिए नए Aadhaar App पर कैसे करें शिफ्ट, वरना बाद में पड़ेगा पछताना