अमेज़न ने फिर से बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी 27 जनवरी 2026 से एक नया छंटनी अभियान शुरू कर सकती है, जिसमें दुनिया भर में लगभग 16,000 पदों पर कटौती की संभावना है। यह कदम अमेज़न के व्यापक पुनर्गठन योजना का हिस्सा है, जिसके तहत 2026 के मध्य तक लगभग 30,000 कॉर्पोरेट पदों को समाप्त किया जाना तय है। इस बार भारतीय टीमों पर भी इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है।
इस छंटनी की योजना से सबसे अधिक भारतीय कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। अमेज़न वेब सर्विसेज (AWS), प्राइम वीडियो और अन्य कॉर्पोरेट विभागों के कर्मचारियों पर इस बार असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। 2025 के अंत में भी इसी तरह का पुनर्गठन अभियान शुरू हुआ था, जिसमें अक्टूबर 2025 में पहले चरण में लगभग 14,000 पद समाप्त किए गए थे।
अमेज़न में सबसे ज्यादा कर्मचारी किस देश के हैं?
दुनिया भर में अमेज़न के कुल 1.57 मिलियन कर्मचारी हैं। इनमें सबसे अधिक कर्मचारी अमेरिका से हैं। अमेरिकी कर्मचारियों के बाद दूसरे स्थान पर यूरोपीय देशों के कर्मचारी आते हैं। भारतीय कर्मचारी तीसरे स्थान पर हैं, लेकिन भारतीय टीम की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारत में अमेज़न के लगभग 75,000 से 80,000 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें कई तकनीकी और कॉर्पोरेट रोल्स शामिल हैं।
अगले कदम और पुनर्गठन का असर
अमेज़न का लक्ष्य 2026 के मध्य तक कुल 30,000 कॉर्पोरेट नौकरियों को समाप्त करना है। अब इस योजना का दूसरा चरण शुरू होने वाला है, जिसमें 16,000 और पदों पर कटौती की संभावना है। इस बार की छंटनी खासकर तकनीकी और प्राइम वीडियो, AWS जैसी यूनिट्स में होने की संभावना है। पहले भी अमेज़न 2022 और 2023 में मिलकर 27,000 कर्मचारियों की छंटनी कर चुका है।
छंटनी का फोकस व्हाइट‑कलर स्टाफ पर
नई छंटनी का मुख्य फोकस व्हाइट‑कलर कॉर्पोरेट वर्कफोर्स पर होगा, जिसमें लगभग 350,000 कर्मचारी शामिल हैं। कंपनी ने पहले भी स्पष्ट किया है कि यह कदम व्यापार के पुनर्गठन और लागत में कटौती के लिए आवश्यक है।
भारतीय कर्मचारियों के लिए संकेत
भारतीय कर्मचारियों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण है। भारतीय टीम अमेज़न के वैश्विक संचालन में अहम भूमिका निभाती है। टेक्निकल रोल्स, सपोर्ट और ऑपरेशनल विभागों के कर्मचारियों को सतर्क रहने की जरूरत है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार की छंटनी में पुराने और अनुभवी कर्मचारियों के पद सुरक्षित रह सकते हैं, जबकि नए जॉइन किए कर्मचारियों के लिए यह समय कठिन हो सकता है।
यह भी पढ़ें – UGC New Rules: नए UGC नियमों के खिलाफ जनरल कैटेगरी के छात्र क्यों कर रहे हैं विरोध? जानिए पूरा मामला